
इंदौर. ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाने वाले एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है. आरोपी फ्लाइट से एक शहर से दूसरे शहरों में पहुंचकर ट्रेनों में चोरी करता था, ताकि पहचान से बच सके. पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपए कीमत के 11.8 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं. मंहगी लाइफस्टाइल, शराब और मंहगे बार का खर्च उठाने के लिए देता था चोरी की घटना को अंजाम.
रिपोर्ट सोमवार 16 मार्च की है, विष्णुपुरी मेन रोड निवासी मीना बिनवानी अपने पति के साथ शांति एक्सप्रेस के ए 2 कोच में अहमदाबाद से इंदौर आ रही थीं. यात्रा के दौरान उन्होंने पर्स सिरहाने रखकर विश्राम किया. इंदौर स्टेशन पहुंचने पर पर्स गायब मिला. पर्स में करीब 11.8 तोला सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नगदी रखी थी. शिकायत पर जीआरपी इंदौर ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने इंदौर से रतलाम के बीच 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साइबर सेल की मदद से आरोपी की गतिविधियों और लोकेशन का विश्लेषण किया. जांच में आरोपी की पहचान जितेन्द्र चावला उर्फ जित्तू उम्र 37 साल निवासी पीरूमदारा, थाना रामनगर, जिला नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई. उसकी तलाश में पुलिस टीमें फरीदाबाद, बरेली, मुरादाबाद, बदायूं, आगरा, बनारस, कासगंज, नैनीताल, चित्तौड़गढ़, हैदराबाद, अहमदाबाद और दिल्ली भेजी गईं थी. लगातार प्रयासों के बाद नीमच में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर सोने का हार (4 तोला), कंगन (5 तोला), चार अंगूठियां (2 तोला) और कान के टॉप्स (8 ग्राम) बरामद कर लिए, वहीं चोरी किया मोबाइल के बारे में आरोपी ने बताया कि उसे तोड़कर ट्रेन से बाहर फेंक दिया था.
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर हेमंत चौहान ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है और पुलिस से बचने के लिए लगातार शहर और साधन बदलता था, लेकिन तकनीकी साक्ष्य और टीम की लगातार निगरानी से उसे गिरफ्तार कर लिया.
वहीं उप पुलिस अधीक्षक रेल ज्योति शर्मा ने बताया कि कार्रवाई में जीआरपी थाना प्रभारी सुश्री रस्मि पाटीदार व उनकी टीम एवं आरपीएफ पोस्ट इंदौर के आईपीएफ जीवन सिंह तंवर की भी भूमिका सराहनीय रही. रेल यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बॉक्स…
आरोपी की अपराध शैली और हिस्ट्री…
इस तरह फैला रखा था जाल…
आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए अलग अलग शहरों में लड़कियों से संपर्क बनाता था और उनसे संबंध रखता था. इसी नेटवर्क के सहारे वह नए शहरों में ठिकाना बनाकर वारदात करता था. पूछताछ में आरोपी ने मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और कर्नाटक में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है. उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस अब उसके पुराने मामलों में जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है.
