इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के केलोद फाटा रोड पर सुबह दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से ले जाए जा रहे गौवंश पकड़े गए. मौके पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोका और पुलिस के सुपुर्द किया, मामले में पुलिस जांच कर रही है.जानकारी के अनुसार सुबह बायपास पर नाकेबंदी की गई थी. इसी दौरान दो संदिग्ध पिकअप आते दिखाई दिए.
कार्यकर्ताओं ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चालकों ने गति बढ़ा दी. पीछा कर वाहनों को रोका गया तो दोनों में 6-6 कुल 12 गोवंश मिले. इसके बाद दोनों चालकों सहित वाहनों और पशुओं को तेजाजी नगर पुलिस को सौंपा दिया. बजरंग दल पदाधिकारियों का कहना है कि गौवंश महाराष्ट्र की ओर ले जाए जा रहे थे. संगठन का दावा है कि ऐसी तस्करी पर आगे भी रोक लगाई जाएगी. फिलहाल पुलिस ने वाहनों और पशुओं को थाने में खड़ा कर जांच शुरू कर दी है.
