
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस धर्म एवं मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने बुधवार को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा राशि से जुड़ी कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर टी.टी. नगर थाना में ज्ञापन सौंपा। प्रकोष्ठ ने मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष साध्वी ऋचा गोस्वामी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि देशभर के करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास बनाए रखने के लिए मामले की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच आवश्यक है। ज्ञापन में कहा गया कि मंदिर में चढ़ावे और दान राशि के प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं तथा जनविश्वास प्रभावित हो सकता है।
प्रकोष्ठ ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय करने की भी मांग की। इस दौरान प्रदेश संयोजक शिवनारायण शर्मा, प्रदेश सहसंयोजक ओंकारदास वैष्णव तथा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर भारती सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
