इंदौर: जोन-2 पुलिस ने अपराध नियंत्रण और जनजागरूकता के मोर्चे पर व्यापक अभियान छेड़ दिया है. पुलिस आयुक्त के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जोन-2 क्षेत्र में ड्रोन पेट्रोलिंग, सघन चेकिंग, नशे के खिलाफ सख्ती और मोहल्ला स्तर पर जनसंवाद के जरिए पुलिस ने अपनी मौजूदगी और प्रभाव दोनों को मजबूत किया है.पुलिस उपायुक्त जोन-2 कुमार प्रतीक ने बताया कि कनाडिया थाना क्षेत्र में चाइनीज मांझे के उपयोग और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रदेश में पहली बार सर्विलेंस एंड पब्लिक अनाउंसमेंट ड्रोन का प्रयोग किया.
ड्रोन के जरिए गली-मोहल्लों में घूमकर दुकानदारों, आम नागरिकों और बच्चों को चाइनीज मांझे के खतरों को बताया और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि इसके उपयोग या बिक्री पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. वहीं ग्राम कनाडिया सहित संचार नगर, वैभव नगर और आलोक नगर में यह विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान जहां असामाजिक तत्वों, निगरानी बदमाशों और संदिग्धों पर भी शिकंजा कसा हैं, वहीं 29 गुंडा चेक, 18 चाकूबाज चेक, 21 निगरानी बदमाशों की जांच, 43 हॉटस्पॉट और 26 शैडो एरिया की चेकिंग की गई.
इस दौरान 29 संदिग्धों को थाने लाया गया जबकि 13 गिरफ्तारी वारंट और 2 स्थायी वारंट तामील किए गए, जबकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की गई. वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 26 चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए और मोटर व्हीकल एक्ट के प्रकरण दर्ज किए. इसके अलावा बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और अन्य यातायात उल्लंघनों पर 9 वाहनों पर कार्रवाई की गई है.
जबकि भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित ड्रोन पेट्रोलिंग की जा रही है. इससे पुलिस को रियल टाइम जानकारी मिल रही है और किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो पा रही है. साथ ही पैदल चलने वाले, रात्रि गश्त और विशेष सर्चिंग अभियान भी लगातार जारी हैं.पुलिस ने जनसहभागिता को अपराध नियंत्रण की अहम कड़ी मानते हुए सभी थाना क्षेत्रों में मोहल्ला मीटिंग और जनसंवाद कार्यक्रम तेज कर दिए है, इन बैठकों में नागरिकों की समस्याएं सुनी जा रही हैं, और मौके पर ही समाधान किया जा रहा है.
जबकि नशा मुक्ति, साइबर अपराध, पुलिस हेल्पलाइन तथा चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों को लेकर जागरूक किया जा रहा है. नागरिकों को डायल-112 और क्राइम वॉच हेल्पलाइन के जरिए सूचना देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. कुमार प्रतिक का मानना है कि ड्रोन तकनीक, सख्त फील्ड एक्शन और जनता के सहयोग से जोन-2 क्षेत्र में अपराधियों पर दबाव बढ़ा है. आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके.
