
भोपाल। गौतम नगर थाना पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अड़ीबाजी सहित अन्य पूर्व के गंभीर अपराध दर्ज हैं.
पुलिस के मुताबिक 10 अप्रैल को आरोपी शिवम शंकत (27) निवासी दुर्गा मंदिर के पास को 1 किलो 161 ग्राम मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था. आरोपी शिवम शंकत से पूछताछ के दौरान मादक पदार्थ गांजा के स्रोत के संबंध में जानकारी पुलिस को मिली. शिवम ने योगेश गोहर उर्फ योगेश कुचबंदिया से गांजा लेना बताया. जानकारी के आधार पर आरोपी योगेश (300 निवासी निशातपुरा को प्रकरण में आरोपी बनाया गया. योगेश घटना के बाद से फरार चल रहा था. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी थाना गौतम नगर का सूचीबद्ध गुंडा है, जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, अड़ीबाजी, मारपीट एवं अन्य गंभीर अपराधों के प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त जोन-3 ने 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी. आरोपी की तलाश करते हुए पुलिस ने 22 जून को उसे गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी को इसके बाद कोर्ट में पेश किया.
