
भोपाल। टीटी नगर थाना पुलिस ने कार से खतरनाक स्टंट करने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया. कार से युवक ने रील बनाने के लिए स्टंट किया था. पुलिस ने मामले में कार्रवाई में करते हुए कार की जब्ती कर ली है.
पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर 15 जून को पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. अटल पथ रोड पर रात करीबन एक बजे चालक कार को स्टंट करते हुये लापरवाही पूर्वक चला रहा था, जिसके द्वारा तेज गति से कार चलाकर लोगों के लिए खतरा पैदा किया जा रहा था. पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन पंजीकरण नंबर के आधार पर कार स्टंट करने वाले चालक की तलाश की. श्रीराम कालोनी 11 मील ब्रिज के पीछे थाना मिसरोद में पुलिस को कार खड़ी मिली, जिसके संबंध में अमित चंदेल (24) नाम के युवक से पूछताछ की गई. आरोपी ने कार से स्टंट करना स्वीकार किया. आरोपी से कार को जब्त कर टीटी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई की.
