भोपाल। मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एलएनसीटी समूह के कई ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। यह कार्रवाई करीब 200 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय गड़बड़ी से जुड़े मामले में की जा रही है। सुबह से ही ईडी की टीमें दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जानकारी की जांच में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने चौकसे परिवार के खिलाफ छात्रों की फीस, छात्रवृत्ति और शैक्षणिक ऋण की राशि के कथित दुरुपयोग को लेकर मामला दर्ज किया था। उसी मामले के आधार पर ईडी ने अपनी जांच शुरू की है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि छात्रों से ली गई बस और हॉस्टल फीस के साथ-साथ छात्रवृत्ति की राशि को निर्धारित खातों में जमा करने के बजाय अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया। इसके अलावा शिक्षा के लिए लिए गए ऋण का इस्तेमाल निजी कामों और संपत्तियों के निर्माण में किए जाने की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई सिर्फ भोपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि एलएनसीटी समूह से जुड़े अन्य संस्थानों और परिसरों में भी जांच जारी है। एजेंसी वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों से जुड़े दस्तावेज और पैसों के लेन-देन की पूरी कड़ी खंगाल रही है।
हालांकि, मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल ईडी की इस कार्रवाई ने राजधानी के शैक्षणिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
