
जबलपुर। मानसून की दस्तक के पहले ही चुभती गर्मी और उमस से बेहाल शहरवासियों को मौसम के बदले मिजाज ने राहत दी है। शहर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों और सूरज के बीच आंख मिचौली का दौर चलता रहा। कभी कडक़ धूप तो कभी छांव का दौरा चला । जैसे ही दिन ढला और शाम ने दस्तक दी, ठंडी हवाओं के झोंकों के साथ घने काले बादलों ने आसमान डेरा डाल लिया। देखते ही देखते शहर रिमझिम बारिश की बूंदों से भीगने लगा। ठंडी हवाओं ने ढलती शाम को खुशनुमा बना दिया। रिमझिम फुहारों के बीच लोगों ने गर्म-गर्म चाय का भी जमकर आनंद लिया।
ऑरेंज अलर्ट: 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मध्य प्रदेश में मानसून की दो से तीन दिन में एंट्री होने की संभावना है। अरब सागर, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा और बिहार को पूरी तरह कवर करने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब मध्य प्रदेश की सीमाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 48 से 96 घंटों के भीतर पूरे मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक हो सकती है । इसके साथ ही मौसम विभाग ने जब लपुर समेत सिहोर, सागर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार स हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जाहिर की गई है ।
ऐसा रहा तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 59 और शाम को 86 प्रतिशत दर्ज किया गया । पश्चिमी हवाएं 6 से 7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली ।
