भुवनेश्वर, (वार्ता) ओडिशा के गंजम जिले के पुरुषोत्तमपुर कस्बे में गणेश मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान एक डीजल जनरेटर में अचानक आग लगने से पांच बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार रात सीतारामपुर अग्रहारम साही में उस समय हुआ जब बच्चे विसर्जन जुलूस देख रहे थे। जुलूस में रोशनी और साउंड सिस्टम के लिए ट्रैक्टर पर रखे जनरेटर में पास ही रखे पेट्रोल कंटेनर के निकट अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पास खड़े बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ पहुंचाया। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरुषोत्तमपुर के तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया और उनके बेहतर इलाज के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
