
आलीराजपुर।जिले में अवैध रेत खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देशन में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध रेत भंडारण के मामले में दो डंपर जब्त किए हैं।
प्रभारी खनिज अधिकारी श्री तपीस पाण्डे ने बताया कि रात्रि भ्रमण के दौरान ग्राम कवछा-कट्ठीवाड़ा मुख्य मार्ग के किनारे अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा था। प्रशासनिक दल को देखकर वाहन चालक मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान पाया गया कि जेसीबी मशीन की सहायता से डंपर क्रमांक RJ09GF1799 एवं MP69ZD9999 में अवैध रूप से रेत भरी जा रही थी। प्रारंभिक जांच में यह कार्य ग्राम कवछा निवासी धनसिंह द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई। प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति से रेत भंडारण के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।इसके बाद खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों डंपरों को जब्त कर कट्ठीवाड़ा थाना परिसर में खड़ा कराया तथा नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया गया।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार कट्ठीवाड़ा श्री राम सिंह मचार भी उपस्थित रहे।
