जबलपुर: निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने विभागीय प्रमुखों की समीक्षा बैठक लेकर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। निगमायुक्त ने सभी विभागीय प्रमुखों को निर्माण एवं विकास कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए।
निगमायुक्त अहिरवार ने लोककर्म विभाग के तहत अधोसंरचना विकास, सड़क सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्यों की प्रगति देख गुणवत्ता के साथ इन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्बाध पेयजल आपूर्ति, अमृत मिशन व अन्य योजनाओं के कार्यों को गति देने को कहा। स्वास्थ्य अधिकारियों को सफाई सुदृढ़ करने, कचरा संग्रहण और बीमारियों की रोकथाम हेतु फॉगिंग व एंटी-लार्वा छिड़काव जारी रखने के निर्देश दिए गए।
स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर ऋण स्वीकृति व वितरण सुनिश्चित करने को कहा ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त हो। साथ ही निगमायुक्त ने अधिकारियों को धरातलीय निरीक्षण करने, टीम भावना से कार्य करने और नागरिकों को न्यूनतम असुविधा होने का ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, स्वास्थ्य अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
