जिले में मानव तस्करी का संदेह, पुलिस ने झाड़ा पल्ला

सिंगरौली । जिले में मानव तस्करी के लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच रविवार की रात एक नया घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया। मोरवा रेलवे स्टेशन से करीब डेढ़ दर्जन युवतियों को गुजरात ले जाए जाने की सूचना पर हंगामा खड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों ने एक युवती को रोते-बिलखते और मुझे दूसरे प्रांत गुजरात में नहीं जाना कहते देखा, जिसके बाद मामला संदिग्ध लगने पर परिजनों से संपर्क किया गया तथा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी दी गई।

मामला बरगवां रेलवे स्टेशन पहुंचते-पहुंचते इतना बढ़ गया कि वहां जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि युवतियों को ले जा रहे लोगों और विरोध कर रहे कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान भोपाल-सिंगरौली ट्रेन एक घंटे से अधिक समय तक स्टेशन पर खड़ी रही। घटना के वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिनमें विवाद और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सभी युवतियां चितरंगी क्षेत्र के आदिवासी परिवारों से जुड़ी बताई जा रही थीं। युवतियों की उम्र को लेकर भी सवाल उठे, क्योंकि कथित तौर पर उनके आधार कार्ड हाल ही में बने हुए बताए जा रहे हैं। इससे उम्र संबंधी दस्तावेजों की सत्यता को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। सभी लड़कियां चितरंगी एवं सरई क्षेत्र की बताई जा रही हैं।

०००

बॉक्स

पूछतांछ के बाद पुलिस ने युवतियों को भेजा घर

सूचना मिलने पर बरगवां पुलिस ने सभी युवतियों को अपने संरक्षण में लिया। महिला बल न होने के कारण उन्हें बैढ़न महिला थाना भेजा गया, जहां पूछतांछ और दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने सभी को बालिग बताते हुए अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवतियां अपने परिजनों की सहमति से कमाने के लिए जा रही थीं।

हालांकि बड़ा सवाल अब भी कायम है कि युवतियां किस संस्था के माध्यम से दूसरे प्रांत गुजरात भेजी जा रही थीं, उन्हें ले जाने वाले लोग कौन थे और स्टेशन पर उत्पन्न हुए विवाद की गहराई से जांच क्यों नहीं हुई। जिले से लगातार युवतियों के गायब होने और मानव तस्करी की आशंकाओं के बीच यह मामला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर रहा है।

Next Post

बरगवां मंडी में अतिक्रमण कार्रवाई से बढ़ा विवाद

Mon Jun 22 , 2026
बरगवां । नगर परिषद बरगवां द्वारा सब्जी मंडी क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान विवाद खड़ा हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम और स्थानीय व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे कुछ समय के लिए मंडी क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। […]

You May Like