
बरगवां । नगर परिषद बरगवां द्वारा सब्जी मंडी क्षेत्र में चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान विवाद खड़ा हो गया। अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर परिषद की टीम और स्थानीय व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे कुछ समय के लिए मंडी क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद अमले ने मंडी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क व सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान कुछ दुकानदारों और व्यापारियों ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और स्थिति विवादपूर्ण हो गई। व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान उनके सामान को नुकसान पहुंचा और उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उनका कहना है कि यदि पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था की जाती तो विवाद की स्थिति नहीं बनती। वहीं नगर परिषद कर्मचारियों ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अभियान प्रशासनिक निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा था। कर्मचारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया और अमले के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद नगर परिषद के कर्मचारी बरगवां थाने पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। दोनों पक्षों के आरोपों के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
