
भोपाल। हज-2027 की यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने इच्छुक और पात्र हज यात्रियों से आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन हज सुविधा के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
हज यात्रा के लिए आवेदन की प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होकर 20 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक चलेगी। निर्धारित अवधि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन करने से पहले यात्रियों को हज के दिशा-निर्देशों और पात्रता नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
आवेदन के लिए मशीन रीडेबल भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक या निरस्त चेक और पते के प्रमाण की स्कैन कॉपी अपलोड करना अनिवार्य होगा। पासपोर्ट आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए और उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होना जरूरी है।
हज-2027 के लिए अस्थायी चयन डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चयनित यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। हज कमेटी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की पूरी तैयारी और प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें, क्योंकि सीट निरस्त करने पर निर्धारित नियमों के अनुसार दंड लगाया जा सकता है।
