
ब्यावरा। जनपद शिक्षा केंद्र (बीआरसी भवन) में सोमवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य हॉल का दरवाजा खोला. उन्होंने देखा कि छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर चुका था. गनीमत रही कि यह घटना रात के समय हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि, मलबे से हॉल में रखी टेबल, कुर्सियां और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना बीती रात हुई. सोमवार सुबह करीब 11 बजे जब कर्मचारी कार्यालय पहुँचे और हॉल का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए.
घटना की जानकारी तत्काल बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) गोपाल कृष्ण दुबे को दी गई. दुबे ने बताया कि भवन का निर्माण वर्ष 2003 में हुआ था और यह काफी पुराना हो चुका है. पहले यहाँ एसडीएम कार्यालय संचालित होता था, लेकिन भवन की जर्जर स्थिति के कारण उसे नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था. दुबे ने आगे बताया कि भवन की हालत लंबे समय से चिंताजनक बनी हुई है. बरसात के दिनों में कई स्थानों से पानी टपकता है और दीवारों तथा छत में क्षति के स्पष्ट संकेत दिखाई देते हैं. कर्मचारियों के बीच भवन की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता का माहौल था. आरईएस के उपयंत्री कार्तिक राजपूत ने बताया कि भवन काफी पुराना है. अन्य तकनीकी जानकारियाँ रिकॉर्ड देखकर बताई जा सकेंगी.
