अमेरिका-ईरान वार्ता में अच्छी प्रगति, होर्मुज, युद्धविराम और परमाणु निगरानी पर सहमति : जेडी वेंस

बर्गेनस्टॉक (स्विट्जरलैंड), 22 जून (वार्ता) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच रविवार को हुई वार्ता में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और कई प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनी है। श्री वेंस ने संवाददाताओं से कहा कि वार्ता का पहला उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने की व्यवस्था तैयार करना था। उन्होंने कहा कि जलमार्ग अब खुला है और बारूदी सुरंगों को हटाने तथा व्यापारिक गतिविधियों की बहाली के लिए समन्वय तंत्र स्थापित करने पर काम हुआ है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय युद्धविराम, विशेषकर लेबनान में तनाव कम करने के लिए भी एक समन्वय तंत्र बनाने पर चर्चा हुई। श्री वेंस के अनुसार लेबनान का मुद्दा वार्ता का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों को प्रवेश देने पर सहमत हो गया है। उन्होंने इसे अमेरिकी पक्ष के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को स्थायी रूप से समाप्त करने की दिशा में पहला कदम है। श्री वेंस ने कहा कि दोनों पक्षों ने तकनीकी स्तर की वार्ता जारी रखने की प्रक्रिया भी तय कर ली है, जबकि मुख्य वार्ताकार सोमवार को स्विट्जरलैंड से रवाना हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हमने अंतिम समझौते की मजबूत नींव रखी है। अभी पूरा समझौता नहीं हुआ है, लेकिन अच्छी शुरुआत हो चुकी है।”लेबनान में इजरायली सेना और हिजबुल्ला के बीच संघर्ष पर श्री वेंस ने कहा कि स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, हालांकि यह मुद्दा अभी भी पूरी तरह हल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहे हैं और भविष्य में तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए आवश्यक तंत्र तैयार किया जा रहा है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल और हिजबुल्ला के बीच संघर्ष के कारण पहले अमेरिका-ईरान वार्ता प्रभावित हुई थी।

.....

Next Post

लखनऊ अग्निकांड: अलीगंज के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, दम घुटने से 14 छात्रों की दर्दनाक मौत

Mon Jun 22 , 2026
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुआ कोचिंग सेंटर अग्निकांड कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे एक दो मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग और धुएं ने पूरी इमारत को […]

You May Like