नयी दिल्ली, 22 जून (वार्ता) केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मंगलवार को केरल का दौरे पर फिटनेस, खेलों में उत्कृष्टता और खेलों में बड़े पैमाने पर लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री मांडविया अपने कार्यक्रमों की शुरुआत तिरुवनंतपुरम में चाकाई आईटीआई से शंखमुघम बीच तक होने वाले साइकिलिंग कार्यक्रम ‘साइकिलिंग बाय द सी’ में भाग लेकर करेंगे। इस पहल का मकसद लोगों को साइकिलिंग और अन्य फिटनेस गतिविधियों के जरिए सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
अपनी यात्रा के दौरान डॉ. मांडविया देश के जाने माने खेल संस्थानों में से एक माइलोम स्थित जी.वी. राजा स्पोर्ट्स स्कूल भी जाएंगे। इस संस्थान ने भारतीय खेलों को कई बेहतरीन एथलीट दिए हैं।
इसके बाद, केंद्रीय मंत्री तिरुवनंतपुरम के केरल यूनिवर्सिटी स्टेडियम में 2026 आइची-नागोया एशियाई खेलों के ‘फन रन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम 2026 एशियाई खेलों से पहले की जागरूकता गतिविधियों का हिस्सा है और यह अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के समारोहों के साथ हो रहा है। इस ‘फन रन’ में छात्र, एथलीट, युवा स्वयंसेवक और आम लोगों सहित 40 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

