सीहोर। कोतवाली पुलिस ने नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख 36 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं चोरी गया मोबाइल बरामद किया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब 30-30 प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार 14 अप्रैल को अनीता वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर जेवरात और नगदी ले गए हैं. कोतवाली पुलिस ने लगातार प्रयास कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों 19 ग्राम सोने के आभूषण,110 ग्राम चांदी के सिक्के तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय अन्नू उर्फ अनिकेत मालवीय उर्फ अंकित निवासी विदिशा हाल निवासी भोपाल तथा 25 वर्षीय गोलू उर्फ उमेश अहिरवार निवासी विदिशा हाल निवासी पीथमपुर जिला धार शामिल हैं.
