मुंबई, 21 जून (वार्ता) अभिनेत्री काजल अग्रवाल और अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने अपनी आगामी फिल्म द इंडिया स्टोरी की रिलीज से पहले एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर देश में बढ़ती खाद्य मिलावट की गंभीर समस्या पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। ज़ी स्टूडियोज़ और एमआईजी प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के सहयोग से बनी इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है, जबकि इसकी कहानी और निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है। हाल ही में जारी वीडियो में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े ने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि ‘द इंडिया स्टोरी’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे सामाजिक मुद्दे को सामने लाती है, जो करोड़ों लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। फिल्म खाद्य मिलावट के छिपे खतरों को उजागर करने के साथ-साथ लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का प्रयास करती है।उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि हर भारतीय के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।
फिल्म के निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी देती है और खाद्य सुरक्षा जैसे विषय पर व्यापक चर्चा शुरू करने में मददगार साबित होगी। ‘द इंडिया स्टोरी’ 24 जुलाई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज होगी।
फिल्म के सह-निर्माताओं में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं। तकनीकी टीम में निशांत भागवत (छायांकन), मंगेश ढाकडे (संगीत), आशीष म्हात्रे (संपादन), शकील आज़मी (गीत) और अनमोल भावे (साउंड डिज़ाइन) शामिल हैं।

