जबलपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट की आज 21 जून को आयोजित होने वाले परीक्षा को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले 22 हज़ार से अधिक अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने ट्रेनों को समय पर संचालन स्टेशन पर स्वच्छता, गुणवत्ता पूर्ण खान-पान सामग्री की उपलब्धता के साथ ही उन्हें समय पर परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंडल के जबलपुर, रीवा, कटनी, सतना, दमोह एवं सागर सहित मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि इन हेल्प डेस्कों पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने के मार्गदर्शन, स्थानीय परिवहन सुविधाओं, स्टेशन परिसर संबंधी आवश्यक जानकारियों तथा ट्रेनों के आवागमन सहित अन्य उपयोगी सूचनाओं के संबंध में सहायता प्रदान की जा रही है। इसके लिए टिकट चेकिंग स्टाफ एवं अन्य स्टाफ के साथ ही अधिकारियों की भी विशेष ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है।
साथ ही पूछताछ काउंटर एवं उद्घोषणा प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जबलपुर मंडल के क्षेत्राधिकार में स्थित परीक्षा केन्द्रों वाले शहरों में लगभग जबलपुर (10,441), रीवा (5,399), सतना (2,912), सागर (2,769) एवं दमोह (1,147)। इन सभी केन्द्रों पर कुल 22,668 परीक्षार्थियों के परीक्षा में सम्मिलित होने की संभावना है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं।
