
मंदसौर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भगवान श्री पशुपतिनाथ संस्कृत पाठशाला में विशेष योग अभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पाठशाला के बटूकों ने योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विभिन्न योग एवं व्यायाम गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग गुरु बंशीलाल टांक के मार्गदर्शन में आयोजित इस सत्र में बटूकों को पारंपरिक एवं आधुनिक व्यायाम पद्धतियों का समन्वित प्रशिक्षण दिया गया। शरीर को स्वस्थ, रोगमुक्त एवं बलवान बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने पावर योगा, हनुमान दंड, मिश्र दंड, दंड-बैठक तथा योगिक जॉगिंग जैसी प्रभावी एवं कठिन कसरतों का अभ्यास किया।
योग गुरु ने बताया कि नियमित योग एवं व्यायाम से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बटूकों को योग दिवस से पूर्व विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बटूकों ने सदैव स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस को लेकर पाठशाला में उत्साह का वातावरण है तथा तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
