मानसून की बेरुखी,आधे से अधिक किसानों ने की बुआई,अब दोबारा बोनी का संकट गहरायया



सौसर: क्षेत्र में मानसून की बेरुखी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मृग नक्षत्र अब समाप्त होने की कगार पर है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश का कोई अता-पता नहीं है। इस अनिश्चितता के बीच क्षेत्र के आधे से ज्यादा किसानों ने मानसून की आस में अपने खेतों में महंगे बीज डाल दिए हैं। अब समय पर बारिश न होने के कारण अन्नदाता के चेहरे पर मायूसी छा गई है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का डर सताने लगा है।
परंपरागत खेती और कपास पर भरोसा पड़ रहा भारी
सौसर क्षेत्र के किसान मुख्य रूप से परंपरागत खेती पर ही निर्भर हैं। लागत के मुकाबले पड़ता नहीं पड़ने के बावजूद, कपास को इस क्षेत्र की मुख्य और नकदी फसल माना जाता है। महंगी फसल होने के बाद भी किसानों का रुझान इस ओर सबसे ज्यादा रहता है। यही वजह है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी क्षेत्र में कपास का रकबा काफी बढ़ा है। कपास के अलावा, यहां के किसान तुवर, मूंगफली, ज्वार एवं अन्य फसलों की बुआई भी करते हैं, लेकिन पानी के अभाव में सभी फसलों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
उमस और तपन से आम जनजीवन भी हलाकान
मौसम की इस अनिश्चितता ने केवल किसानों को ही नहीं, बल्कि आम जनजीवन को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। बेचैनी भरी उमस और भीषण तपन से आम लोग हलाकान हैं। कूलर और पंखे भी इस उमस भरी गर्मी में बेअसर साबित हो रहे हैं।
दोबारा बुआई की नौबत
फिलहाल बुआई कर क्षेत्र का किसान बुरी तरह फंस चुका है। यदि अगले एक-दो दिनों में अच्छी बारिश नहीं होती है, तो जमीन में डाले गए महंगे बीज अंकुरित होने से पहले ही जल जाएंगे। ऐसी स्थिति में किसानों के सामने दोबारा फसल बुआई करने की नौबत आ सकती है, जिससे उन पर कर्ज और आर्थिक बोझ दोगुना हो जाएगा। किसान अब केवल टकटकी लगाए आसमान की ओर देख रहे हैं और अच्छी बारिश के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

Next Post

पंजाब के जालंधर में चार बदमाश गिरफ्तार, तीन अत्याधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

Sat Jun 20 , 2026
जालंधर, 19 जून (वार्ता) पंजाब में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर काम करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अत्याधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस […]

You May Like