सीहोर। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है. शुक्रवार को एक बार फिर राजस्व विभाग ने चाणक्यपुरी क्षेत्र के समीप विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को ध्वस्त किया.
तहसीलदार डॉ. अमित सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान चार अवैध कॉलोनियों में बनाई गई बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क सहित अन्य निर्माणों को हटाया गया. प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.
गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को भी राजस्व विभाग ने चार अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वहां निर्मित सड़कें और बाउंड्रीवाल तोड़ी थीं. लगातार दूसरे सप्ताह हुई इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि जिला प्रशासन अवैध कॉलोनियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी बरतने के मूड में नहीं है. शुक्रवार को जब राजस्व विभाग का अमला चाणक्यपुरी के समीप स्थित अवैध कॉलोनियों में पहुंचा तो वहां निर्माण कार्य करवा रहे कॉलोनाइजरों को इसकी भनक लग गई। प्रशासनिक कार्रवाई की सूचना मिलते ही अधिकांश कॉलोनाइजर मौके से चले गए, जिससे किसी प्रकार का विरोध या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई. इसके बाद राजस्व अमले ने योजना के अनुसार कार्रवाई को अंजाम दिया.
तहसीलदार डॉ. अमित सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के तहत बाबूलाल परमार की कॉलोनी, अंजनीधाम, तिरुपति बालाजी धाम तथा मो. वसीम द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में निर्मित बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क और अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया. तहसीलदार डॉ. सिंह का कहना है कि बिना वैधानिक अनुमति और आवश्यक स्वीकृतियों के विकसित की जा रही कॉलोनियां नियमों का उल्लंघन हैं. ऐसी कॉलोनियों में प्लाट लेने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
अवैध कालोनी में प्लाट लेने से बचें
शहर में जहां भी अवैध कालोनियों का निर्माण किया जा रहा है वहां इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति और स्वीकृतियों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
डॉ. अमित सिंह,
तहसीलदार
