
रायसेन। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला इकाई रायसेन ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संघ ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय से लंबे समय से कार्यरत हजारों शिक्षकों के सेवा अधिकार और भविष्य पर संकट की स्थिति बनी है। संघ ने मांग की कि 23 अगस्त 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से स्थायी छूट दी जाए और उनकी सेवा, पदोन्नति एवं अन्य लाभ सुरक्षित रखे जाएं।
शिक्षक संघ ने कहा कि पुराने नियमों के तहत नियुक्त शिक्षकों पर बाद के प्रावधान लागू करना उचित नहीं है। केंद्र सरकार से विधायी संशोधन कर शिक्षकों को राहत देने और सभी राज्यों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक संघ के सदस्य मौजूद रहे।
