
देवास। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। स्टेशन रोड स्थित यूनियन बैंक से पैसे निकालकर अलंकार मार्केट स्थित एक समता बैंक पहुंचे बुजुर्ग की एक्टिवा से अज्ञात बदमाश 6 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वह मकान निर्माण के लिए दो अलग-अलग बैंकों से रकम निकालकर लाए थे। अलंकार मार्केट स्थित बैंक का काम निपटाने के बाद जब वे सुभाष चौक पर झंडे की दुकान से झंडा लेने गए और वापस अपनी एक्टिवा के पास लौटे, तो देखा कि गाड़ी में रखे 6 लाख रुपये गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। बुजुर्ग का कहना है कि संभवतः अज्ञात बदमाश बैंक से ही उनका पीछा कर रहे थे और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
