
मस्कट। ओमान के समुद्री क्षेत्र में रविवार को भारतीय ध्वज वाले मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल (एमएसवी) ‘विराट-1’ के डूब जाने की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जहाज के इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद उसमें पानी भरने लगा, जिसके चलते वह समुद्र में समा गया। घटना ओमान के रास अल हद्द से करीब 80 नॉटिकल मील पूर्व में हुई।
जहाज पर 14 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। संकट की सूचना मिलते ही ओमान के समुद्री अधिकारियों, अमेरिकी नौसेना तथा आसपास मौजूद व्यावसायिक जहाजों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। अमेरिकी नौसेना ने अपने पी-8 समुद्री निगरानी विमान को मौके पर भेजा, जिसने राहत कार्यों में सहयोग करते हुए एक लाइफ राफ्ट भी उपलब्ध कराई।
जहाज के डूबने से पहले सभी क्रू सदस्य सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट में पहुंच गए थे। इसके बाद निकटवर्ती व्यापारिक पोतों की सहायता से उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास तेज कर दिए गए।
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ओमान प्रशासन और क्षेत्र में मौजूद जहाजों के साथ समन्वय कर खोज एवं बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है। दूतावास के अनुसार सभी भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
