सतना: आगामी 21 जून को होने वाली नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने शहर के परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और शौचालयों की स्थिति देखी। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि समय रहते सभी इंतजाम दुरुस्त कर लिए जाएं ताकि छात्रों को कोई असुविधा न हो.
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने सभी केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए.उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और प्रश्न पत्रों के सुरक्षित वितरण की प्रक्रिया को भी जांचा.इस दौरान डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
परीक्षा के लिए शहर में सात केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल दो हजार नौ सौ बारह स्टूडेंट्स शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने इसके लिए उत्कृष्ट विद्यालय व्यंक्ट वन, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल व्यंकट टू, एमएलबी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक व दो, इंदिरा गर्ल्स कॉलेज और पीएम श्री एक्सीलेंस कॉलेज गहरानाला को केंद्र बनाया है।
