
सीधी । लाड़ली लक्ष्मी पथ में मूल्यांकन प्रतिवेदन रोड़ा बना है। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीधी से विजयपुर बायपास तक सडक़ निर्माण हेतु एसडीएम के आदेश के बाद भी मूल्यांकन प्रतिवेदन के अभाव में धारा-19 की कार्यवाही रुकी है।
बताते चलें कि कलेक्टर के निर्देश के परिपालन में उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास द्वारा ग्राम कोटहा, सीधी कला, विजयपुर के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से ग्राम विजयपुर बायपास प्रस्तावित नवीन गल्ला मंडी तक सडक़ निर्माण का कार्य होना है। प्रभावित भूमियों का धारा-11 की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। भूमियों पर स्थिति परिसम्पत्तियों के एलायमेंट के आधार पर भौतिक रूप से धारा-19 की कार्यवाही किया जाना है। एलायमेंट अनुसार मौके से भौतिक सत्यापन हेतु 6 सदस्यीय दल का गठन 1 जून 2026 को किया गया। टीम में अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग सीधी, अनुविभागीय अधिकारी पीएचई सीधी, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकीय सेवाएं सीधी, वन परिक्षेत्राधिकारी सीधी, उपसंचालक उद्यानिकी विभाग सीधी, तहसीलदार गोपदबनास, राजस्व निरीक्षक गिर्द प्रथम/हल्का पटवारी कोटहा, सीधी कला, विजयपुर शामिल हैं। टीम को निर्देशित किया गया था कि सडक़ निर्माण कार्य हेतु परियोजना में प्रभावित भूमियों एवं उस पर स्थिति परिसम्पत्तियों का एलायमेंट के आधार पर भौतिक रूप से मूल्यांकन कर अपने स्पष्ट अभिमत के साथ मूल्यांकन प्रतिवेदन 1 सप्ताह के अंदर आवश्यक रूप से प्रस्तुत करें ताकि धारा-19 की कार्यवाही की जा सके।
००
दल को 7 दिवस में प्रस्तुत करना था मूल्यांकन प्रतिवेदन
उपखण्ड अधिकारी एवं भू-अर्जन अधिकारी गोपद बनास सीधी द्वारा गठित 6 सदस्यीय दल को 1 जून 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि 7 दिवस में मूल्यांकन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जायेगा, जिससे धारा-19 की कार्यवाही की जा सके। विडम्बना यह है कि पटवारियों की मनमानी से निर्धारित समय बीतने के बाद भी मूल्यांकन प्रतिवेदन नहीं मिल सका।
००
इनका कहना है
लाड़ली लक्ष्मी पथ की उक्त सडक़ के स्पाट का मेरे द्वारा निरीक्षण कराया जा रहा है। 15 दिवस में धारा-19 की कार्यवाही पूरी कर होने के बाद सडक़ निर्माण से संबंधित अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
विकास मिश्रा, कलेक्टर-सीधी
उपखण्ड अधिकारी एवं भू-अर्जन अधिकारी गोपद बनास जिला-सीधी द्वारा सीधी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से ग्राम विजयपुर बायपास तक सडक़ निर्माण हेतु धारा-19 के कार्यवाही हेतु गठित दल को मूल्यांकन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाना था। लेकिन दल से संबंधित पटवारी के द्वारा समय नही देने के कारण मुल्यांकन प्रतिवेदन प्रस्तुत नही हो सका।
स्तुति गौतम, एसडीओ पीडब्ल्यूडी उप संभाग-सीधी
००००००००००००
