मुंबई, (वार्ता) भारत का मीडिया और मनोरंजन बाजार वर्ष 2024 में सालाना आधार पर 3.3 प्रतिशत की अपेक्षाकृत थोड़ी कमजोर वृद्धि दर के साथ 2.5 लाख करोड़ रुपये (29.4 अरब डॉलर) के स्तर पर पहुंच गया। फिक्की-ईवाई की एक नवीनतम रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।
शेप दी फ्यूचर: इंडियन मीडिया एंड इंटरटेनमेंट स्क्रप्टिंग ए न्यू स्टोरी (भविष्य बनाएं: भारतीय मीडिया और मनोरंजन एक नई कहानी लिख रहा है) शीर्षक में इस रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2024 में इस बाजार के कारोबार में 81 अरब रुपये की वृद्धि हुई। इससे पिछले वर्ष इस बाजार के कारोबार की वृद्धि दर 8.3 प्रतिशत थी।
ग्राहक-सदस्यता आय में (सब्सक्रिप्शन) गिरावट और भारत से कराए जाने वाले एनिमेशन और वीएफएक्स (वीडियो प्रभाव) वाले कामों में वैश्विक गिरावट के कारण 2024 में इस क्षेत्र की वृद्धि दर धीमी रही । अनुमान जताया गया है कि यह बाजार 2027 तक तीन लाख करोड़ रुपये को पार कर जाएगा।
रिपोर्ट के अनुसार मीडिया और मनारंजन क्षेत्र ने 2024 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 0.73 प्रतिशत का योगदान दिया है। फिक्की-ईवाई रिपोर्ट के अनुसार, भारत में डिजिटल मीडिया ने टेलीविजन को पीछे छोड़ते हुए इस क्षेत्र में सबसे बड़ा स्थान बना लिया है, जिसने कुल राजस्व में अभूतपूर्व 32 प्रतिशत का योगदान दिया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के विज्ञापन राजस्व में 8.1 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि देखी गई है, जिसका मुख्य कारण ई-कॉमर्स वेबसाइटों सहित डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर प्रदर्शन विज्ञापन और प्रीमियम और डिजिटल आउट-ऑफ़-होम (ओओएच) मीडिया की मांग में वृद्धि है। प्रिंट और रेडियो खुदरा विज्ञापन राजस्व की मजबूती से इस वृद्धि को और बढ़ावा मिला है।
डिजिटल मीडिया (17 प्रतिशत), लाइव इवेंट (15 प्रतिशत) और ओओएच मीडिया (10 प्रतिशत) और मनोरंजन क्षेत्र में वृद्धि को जारी रखने वाले प्रमुख क्षेत्र बन कर उभरे हैं ।
रिपोर्ट जारी करते हुए महाराष्ट्र सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने कहा, “मेरा विभाग और मेरी सरकार इस रिपोर्ट से सर्वोत्तम सुझावों को देखने और महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक मामलों के मंत्रालय के आगामी 100 दिनों के कार्यक्रम के हिस्से के रूप में लागू करने का बीड़ा उठाएगी।”
फिक्की, मीडिया और मनोरंजन समिति के अध्यक्ष केविन वाज़ ने कहा, “भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग तेजी से डिजिटल प्रौद्योगिकी को अपना रहा है और उपभोक्ताओं की पसंद के विकास से प्रेरित है। इससे संबंधित सभी क्षेत्रों में सामग्री निर्माताओं, विज्ञापनदाताओं और प्रौद्योगिकी नवप्रवर्तकों के लिए अपार अवसरों को खोल रहा है। भारत के मीडिया और मनोरंजन बाजार भविष्य अप्रयुक्त संभावनाओं से भरा है और इसके 2027 तक तीन लाख करोड़ रुपये को पार करने की उम्मीद है।”
ईवाई इंडिया के मीडिया और मनोरंजन लीडर और पार्टनर आशीष फेरवानी ने कहा, “डिजिटल क्रांति ने न केवल कंटेंट बनाने और उपभोग करने के तरीके को बदल दिया है, बल्कि एम एंड ई उद्योग के मूल सार को भी फिर से परिभाषित किया है। इमर्सिव स्टोरीटेलिंग और इंटरेक्टिव अनुभवों से लेकर इनोवेटिव बिजनेस मॉडल और रणनीतिक गठबंधनों तक, परिदृश्य लगातार खुद को नया आकार दे रहा है।”
फिक्की की महानिदेशक ज्योति विज ने कहा, “फिक्की-ईवाई रिपोर्ट भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र की मजबूती और गतिशीलता की पुष्टि करती है, जो वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद लगातार फल-फूल रहा है। विज्ञापन राजस्व में 8.1 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि और डिजिटल मीडिया की घातीय वृद्धि सामग्री निर्माण और उपभोग में भारत के नेतृत्व को रेखांकित करती है। चूंकि उद्योग तेजी से बदलाव से गुजर रहा है, फिक्की नीतिगत सुधारों को आगे बढ़ाने, रणनीतिक सहयोग को बढ़ावा देने और भविष्य के लिए तैयार पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देने में दृढ़ है, जो न केवल स्थायी विकास को बढ़ावा देता है बल्कि एम एंड ई परिदृश्य में भारत के वैश्विक प्रभाव को भी मजबूत करता है।”
