
बैतूल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को बैतूल के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा और हरित आवरण बढ़ाना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति ने धार्मिक पवित्रता और औषधीय गुणों के लिए प्रसिद्ध रुद्राक्ष का पौधा लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। रुद्राक्ष को भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व प्राप्त है और इसे आध्यात्मिक ऊर्जा तथा स्वास्थ्य लाभ से भी जोड़ा जाता है।
पौधारोपण के अवसर पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके तथा प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल भी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
श्री मुर्मु के इस कदम को उपस्थित लोगों ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला प्रेरणादायक संदेश बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रपति के पौधारोपण कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
