
शाजापुर, कृषि उपज मंडी में बुधवार को प्याज की बंपर आवक दर्ज की गई. प्याज के भाव में तेजी आने के बाद बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉलियों से प्याज लेकर मंडी पहुंचे. दोपहर 12 बजे तक लगभग 35 हजार क्विंटल प्याज की आवक हुई.
मंडी परिसर में प्याज खाली करने के लिए जगह कम पड़ गईए जिससे करीब 150 से 200 ट्रैक्टर ट्रॉलियां बाहर सडक़ पर खड़ी रहीं. बताया गया है कि इन ट्रॉलियों में रखे प्याज की नीलामी गुरुवार को की जाएगी. बुधवार को मंडी में प्याज के भाव 400 से 4 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक रहे. पिछले दिनों की तुलना में भाव में आई तेजी के कारण किसानों ने बड़ी संख्या में प्याज बेचने के लिए मंडी का रुख किया. इसी वजह से मंडी के साथ-साथ शहरी हाईवे पर भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई. मंडी के बाहर सडक़ पर ट्रैक्टर ट्रॉलियों और अन्य लोडिंग वाहनों के खड़े होने से हाईवे पर लगातार जाम की स्थिति बनी रही. बारिश के कारण सडक़ किनारे कीचड़ फैल गया था, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई.
इस दौरान कई वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आईं, जिनमें कुछ लोग घायल हुए. जाम की सूचना मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को व्यवस्थित करने का प्रयास किया. हालांकि वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.