
हिंदू संगठनों ने मकबरे को प्राचीन मंदिर बताया, जमकर नारेबाजी और तोड़फोड़; मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।
लखनऊ, 11 अगस्त (वार्ता): उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक मकबरे को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। आज हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता इस मकबरे को प्राचीन शिव मंदिर बताकर वहां पूजा करने पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर तोड़फोड़ और नारेबाजी भी की।
मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों में हल्की झड़प भी हुई। हिंदू संगठनों का आरोप है कि इस मकबरे का निर्माण एक प्राचीन शिव मंदिर को तोड़कर किया गया था। वहीं, स्थानीय मुस्लिम समुदाय का कहना है कि यह एक मकबरा है, जिसका धार्मिक महत्व है। जिला प्रशासन ने फिलहाल दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
