छतरपुर। 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय छतरपुर, सांदीपनि विद्यालय छतरपुर तथा पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय नौगांव सहित कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्टर पार्थ जैसवाल और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों, बायोमैट्रिक व्यवस्था, प्रश्न पत्रों के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम तथा सुरक्षा प्रबंधों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की भी प्रवेश के समय जांच की जाए। साथ ही महिला और पुरुष परीक्षार्थियों की अलग-अलग जांच व्यवस्था तथा प्रत्येक केंद्र पर क्लॉक रूम बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखों की सुचारू व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, अलग-अलग शौचालय, ओआरएस, ग्लूकोज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं अभिभावकों और परिजनों के लिए भी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त आकार के टेंट और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए भी प्रशासन को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि सभी परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। इस वर्ष नीट परीक्षा की अवधि सवा तीन घंटे निर्धारित की गई है और सभी परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, सीएमओ माधुरी शर्मा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
