
भोपाल। मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र 20 जुलाई 2026 से शुरू होगा। यह सत्र 24 जुलाई 2026 तक चलेगा। राज्यपाल की मंजूरी के बाद विधानसभा सचिवालय ने सत्र आयोजन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है।
पांच दिवसीय इस सत्र के दौरान विधानसभा में विभिन्न शासकीय कार्यों का संपादन किया जाएगा। सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय ने विधायकों से अशासकीय विधेयकों और संकल्पों से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त करने की समय सीमा भी तय कर दी है।
अशासकीय विधेयकों की सूचनाएं 24 जून 2026 तक तथा अशासकीय संकल्पों की सूचनाएं 9 जुलाई 2026 तक विधानसभा सचिवालय में जमा की जा सकेंगी। वहीं स्थगन प्रस्ताव, ध्यानाकर्षण सूचनाएं और नियम 267-क के तहत दी जाने वाली सूचनाएं 14 जुलाई 2026 से विधानसभा कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक स्वीकार की जाएंगी।
गौरतलब है कि यह सत्र मध्यप्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का एकादश सत्र होगा। इस दौरान प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
