श्री बिरला रविवार को राजस्थान में कोटा में दुर्गाष्टमी के अवसर पर ट्रैफिक गार्डन परिसर सुपोषित माँ अभियान के तहत आयोजित शिविर में गर्भवती माताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छह वर्ष पूर्व माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की चिंता से प्रारंभ हुए इस अभियान से अब तक 30 हजार से अधिक महिलाएँ लाभान्वित हुई हैं। अभियान के तहत गर्भवती माताओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
श्री बिरला ने कहा कि दुर्गाष्टमी पर हम कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर पूजते हैं। हमारा संकल्प है कि हर बेटी को जन्म से ही सम्मान, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए जनसहयोग से आर्थिक संबल प्रदान करने के प्रयास भी किए जाएंगे।
समारोह में राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जरूरतमंदों की समस्याओं को समझते हुए कई सामाजिक पहल की हैं। सड़क पर नंगे पैर चलने वाले बच्चों को चप्पल उपलब्ध कराना और सर्दी में रेलवे स्टेशन पर खुले में सोने वाले यात्रियों के लिए कंबल की व्यवस्था करना उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। सुपोषित मां अभियान भी इसी सेवा भावना का हिस्सा है।
श्री नागर ने कहा कि श्री बिरला की प्रेरणा से उन्होंने सांगोद क्षेत्र में भी ऐसी पहल शुरू की है। जनप्रतिनिधियों का प्रयास होना चाहिए कि सरकारी योजनाओं और सामाजिक सहायता का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर बनाना स्वस्थ पीढ़ी और देश के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
इस अवसर पर सुपोषित मां अभियान में निरन्तर सहयोग करने वाली महिला चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
