
सारनी। क्षेत्र के हाईस्कूल फुटबॉल ग्राउंड में गूंजा खेल प्रतिभाओं का उत्साह, ग्रीष्मकालीन निशुल्क खेल शिविर का भव्य समापन सम्पन्न हुआ।खेल एवं युवक कल्याण विभाग बैतूल के मार्गदर्शन तथा उत्कल स्पोर्ट्स क्लब सारनी के तत्वावधान में हाईस्कूल फुटबॉल ग्राउंड सारनी में आयोजित एक माह का निशुल्क ग्रीष्मकालीन खेल शिविर उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे सहित वरिष्ठ भाजपा नेता पी.जे. शर्मा, श्याम मदान, विधायक प्रतिनिधि जग्गी आहूजा, युवा नेता राहुल कापसे एवं ब्लॉक कॉर्डिनेटर शैलेंद्र शर्मा की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। खिलाड़ियों ने अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कोच रंजीत डोंगरे एवं शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील मालवीय के निर्देशन में आयोजित शिविर में फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल मैदान में लाइटिंग, पानी एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मुख्य अतिथि किशोर बर्दे ने कहा कि खेल बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास का मजबूत माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रख खेल गतिविधियों से जोड़ने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
