
रतलाम। शहर के व्यस्ततम सर्राफा बाजार में बड़ी डकैती की साजिश को स्टेशन रोड पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय पारदी गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घातक हथियार, हाईड्रोलिक कटर और नकबजनी में उपयोग होने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चांदनी चौक स्थित सर्राफा बाजार की किसी बड़ी ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाने की तैयारी में थे।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिलेभर में रात्रि गश्त और अपराधियों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी दौरान स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन को मुखबिर से सूचना मिली कि पंचपीर दरगाह के समीप उंकाला रोड पर 6-7 संदिग्ध व्यक्ति हथियारों के साथ बैठे हैं और बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में तीन विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश मोंगिया, मेहरसिंह उर्फ नेहरिया, नामेश उर्फ सोल्जर, प्रभात उर्फ चेतन, निखिल मोंगिया और वजूद उर्फ अंगद के रूप में हुई है। सभी आरोपी मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं और पारदी गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि इनके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी प्रभात उर्फ चेतन बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र में हुई एक बड़ी डकैती का फरार इनामी आरोपी भी है। कई आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी एवं स्थायी वारंट भी लंबित हैं।
पुलिस के अनुसार वारदात से पहले स्थानीय स्तर पर रेकी करने का काम रतलाम निवासी दिनेश हांडा कर रहा था, जो कार्रवाई के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। थाना स्टेशन रोड में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत धारा 310(4), 310(5) बीएनएस तथा 25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह कनेश, उपनिरीक्षक विजय सिंह बामनिया सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों और सर्राफा व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक तलवार, फालिया, गुप्ती, टॉमी, डंडा, गुलेल, हाईड्रोलिक कटर, पेचकस और अन्य उपकरण बरामद हुए। पुलिस का मानना है कि इन औजारों का उपयोग ज्वेलरी शोरूमों के शटर, ताले और सुरक्षा व्यवस्थाओं को तोडऩे में किया जाना था।
