
आष्टा। नगर की इंदिरा कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत हो जाने से रविवार को सिविल अस्पताल में हंगामे की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 15, इंदिरा कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय बसकन्या पति धर्मेंद्र रेकवाल को रविवार दोपहर सिविल अस्पताल लाया गया था. यहां चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया. इस दौरान मृतका के पति ने अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं एवं आवश्यक मशीनें नहीं होने के आरोप लगाए.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश देकर माहौल को शांत कराया. प्रारंभ में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था, लेकिन पुलिस और अस्पताल प्रशासन की समझाइश के बाद वे इसके लिए राजी हो गए.
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित माथुर ने बताया कि महिला को शनिवार को भी अस्पताल लाया गया था. ड्यूटी पर मौजूद डॉ. नरेड़ा ने उसकी जांच कर बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की सलाह दी थी, लेकिन परिजन बिना सूचना दिए उसे अन्यत्र ले गए. रविवार को पुन: महिला को अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बाहर ले जाने की सलाह दी गई. इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए और बाद में जब वापस सिविल अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी. पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपते हुए मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
