सिवनी के कुरई में बाघ का हमला: गुल्ली बीनने गई महिला की मौत, गांव में दहशत

सिवनी/कुरई। दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के कुरई परिक्षेत्र अंतर्गत गोरखपुर बीट के पीएफ-258 कम्पार्टमेंट स्थित ग्राम जिलापुर में रविवार को बाघ के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद जिलापुर सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

ग्राम जिलापुर निवासी शांति बाई कुमरे 55 वर्ष, पति रोशन कुमरे रविवार को गांव से लगे जंगल में गुल्ली बीनने गई थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खेत और आसपास तलाश की। बाद में ग्रामीणों के साथ खेत से लगे जंगल में खोजने पर उनका शव मिला। घटनास्थल की स्थिति के आधार पर बाघ के हमले से मौत की आशंका जताई गई है।

सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। एसडीओ योगेश पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को शासकीय योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया।

वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने, समूह में ही वन उपज संग्रह करने और वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। बाघ की मौजूदगी को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों ने भी बाघ की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Next Post

तिघरा में डूबे दूसरे मेडिकल छात्र का शव भी बरामद

Sun Jun 14 , 2026
​ग्वालियर । तिघरा डैम में पिकनिक मनाने के दौरान डूबे गजराराजा मेडिकल कॉलेज के दूसरे एमबीबीएस छात्र का शव भी रविवार को रेस्क्यू टीम और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बरामद कर लिया गया है। शनिवार को एक छात्र का शव पहले ही मिल चुका था। इस दर्दनाक हादसे की […]

You May Like