ग्वालियर: यहां नेशनल हाईवे 44 पर सिमरिया टेकरी के पास आज सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शिवपुरी के रहने वाले सुनील परिहार अपनी पत्नी सावित्री का इलाज कराने ग्वालियर गए थे। जब वे ग्वालियर से इलाज कराकर बाइक से वापस अपने घर शिवपुरी लौट रहे थे, तभी सिमरिया टेकरी के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में पत्नी सावित्री परिहार की मौके पर ही मौत हो गई। पति सुनील परिहार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने के प्रयास किए। वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
