जनकल्याण शिविर में 2 दिनों में 2209 आवेदनों का हुआ निराकरण

सतना: नगर पालिक निगम सतना द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविर 2026 के दूसरे चरण में रविवार को सामुदायिक भवन, भरहुत नगर में नागरिकों की समस्याओं के समाधान एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 450 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 389 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की गई।

इसी कड़ी में शेष प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त आवेदनों में पेंशन एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से संबंधित प्रकरणों की संख्या सर्वाधिक रही। गौरतलब है कि मंगल भवन, धवारी में आयोजित प्रथम चरण में 2022 आवेदनों में से 1820 प्रकरणों के निराकरण के बाद दूसरे दिन भी शिविर को नागरिकों का उत्साहजनक देखने को मिला। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर दिनभर नागरिकों की आवाजाही बनी रही तथा बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर ही अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।
डॉ.शेर सिंह मीना,आयुक्त नगर पालिक निगम सतना के निर्देशन एवं उपायुक्त सत्यम मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए आवेदन एवं पंजीयन की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई। जनकल्याण शिविर का अंतिम चरण 14 जून को नई बस्ती में आयोजित किया जाएगा।आयुक्त ने निगम क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के निराकरण करायें तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

स्पीकर ने किया निरीक्षण
न नि सतना के अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ‘पालन’ ने शनिवार को शिविर का निरीक्षण कर विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया तथा नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को शासन की सेवाओं का लाभ सरलता और सहजता से प्राप्त हो सके। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य आदित्य यादव, समाजसेवी शारदा तिवारी, अजय यादव एवं समर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Next Post

बमबाजी: आठ आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थ

Sun Jun 14 , 2026
जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत मड़ई में शराब एवं रिछाई में घर को निशाना बनाते हुए बमबाजी करने वाले आठ आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि 11 जून को देशी कलारी मड़ई में स्कूटी से पहुंचे बदमाशों ने काउण्टर की तरफ 2 बम फेंके […]

You May Like