घोषित-अघोषित बिजली कटौती ने ली युवक की जान, अंधेरे के कारण छत से गिरने से किसान की मौत

गुना: शहर के नजदीकी ग्राम मुहालपुर में बिजली की आंख-मिचौली एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द दे गई। बार-बार हो रही बिजली कटौती और भीषण गर्मी से परेशान होकर राहत पाने के लिए छत पर जा रहा एक 35 वर्षीय युवक अंधेरे के कारण अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। गंभीर चोटें आने की वजह से युवक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक की दो मासूम बच्चियां अनाथ हो गई हैं, वहीं परिजनों ने इस घटना के लिए बिजली कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।

घटना शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे की है। ग्राम मुहालपुर निवासी 35 वर्षीय लोकेंद्र धाकड़ रात में बार-बार बिजली गुल होने और उमस भरी गर्मी से बेहद परेशान हो रहे थे। कमरे में दम घुटने जैसी स्थिति होने पर वे खुली हवा और राहत की चाह में मकान की छत पर जा रहे थे। अंधेरे की वजह से सीढ़ियों या छत पर उनका पैर फिसल गया और वे सीधे नीचे आ गिरे। छत से गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में लोकेंद्र को अस्पताल ले जाने की तैयारी की। गंभीर चोटें आने के कारण लोकेंद्र की मौत हो गई।

लोकेंद्र अपने पीछे दो छोटी बच्चियों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने मासूमों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छीन लिया है। इस भीषण हादसे के बाद मृतक लोकेंद्र के परिजनों में गहरा आक्रोश और शोक है। परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि क्षेत्र में बिजली की भारी समस्या बनी हुई है। अगर बार-बार बिजली गुल नहीं हो रही होती और अघोषित कटौती का यह आलम न होता, तो हमारे घर का चिराग नहीं बुझता। अंधेरे की वजह से ही यह भीषण हादसा सामने आया है, जिसके लिए बिजली की लुका-छिपी जिम्मेदार है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

साँवेर विधानसभा का ग्राम सेमलियाचाऊ बनेगा रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग का प्रमुख जंक्शन: सांसद शंकर लालवानी

Sat Jun 13 , 2026
इंदौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत इंदौर के लोकप्रिय सांसद शंकर लालवानी ने साँवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमलियाचाऊ का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों, हितग्राहियों, पंचायत प्रतिनिधियों, […]

You May Like