साँवेर विधानसभा का ग्राम सेमलियाचाऊ बनेगा रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग का प्रमुख जंक्शन: सांसद शंकर लालवानी

इंदौर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत इंदौर के लोकप्रिय सांसद शंकर लालवानी ने साँवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमलियाचाऊ का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों, हितग्राहियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजजनों, मातृशक्ति एवं युवाओं से संवाद किया।

ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर सांसद लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में विकास का एक अदभुत मॉडल देश को दिया है। सड़क, रेल, जल, आवास, स्वास्थ्य, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व अनगिनत कार्य हुए हैं, जिनका लाभ आज अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में ग्राम सेमलियाचाऊ रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में विकसित होगा, जिससे पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी।

हितग्राहियों से किया सीधा संवाद

सांसद लालवानी ने ग्राम पंचायत भवन में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, हर घर जल योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा अन्य योजनाओं से प्राप्त लाभों के अनुभव साझा किए।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओर मुख्यमंत्री मोहन यादव जी की डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। आज देश में अंत्योदय की भावना के साथ गरीब, किसान, महिला और युवा के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

नवमतदाताओं का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण क्षेत्र के 10 से अधिक नवमतदाताओं का सम्मान रहा। लोकतंत्र के इस महापर्व में पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं का पुष्पमालाओं एवं सम्मान पत्रों के माध्यम से स्वागत किया गया।

सांसद लालवानी ने युवाओं से कहा कि भारत विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति है और युवा मतदाता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए मतदान प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर युवा कीर्तन बराड़िया ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा संचालित 75 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में एक साथ इतने व्यापक स्तर पर विकास एवं जनकल्याण के कार्य पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सांसद लालवानी का अभिनंदन किया।

-इंदौर-बुधनी रेल परियोजना का किया निरीक्षण-

दौरे के दौरान सांसद शंकर लालवानी ने बहुप्रतीक्षित इंदौर-बुधनी रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं में से एक है, जिसके पूर्ण होने के बाद इंदौर को सीधे बुधनी से जोड़ते हुए नागपुर, रायपुर और कोलकाता तक बेहतर रेल संपर्क प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में यात्रियों को भोपाल होकर यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन इस परियोजना के पूर्ण होने पर यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और क्षेत्र के व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
लगभग 198 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के अंतर्गत इंदौर से बुधनी के बीच 18 स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही 319 पुल एवं पुलियों का निर्माण किया जा रहा है ताकि प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। परियोजना में दो बड़ी सुरंगों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिनमें लगभग 6 किलोमीटर लंबी सुरंग मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी रेलवे सुरंग होगी।
उन्होंने बताया कि लगभग ढाई किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक भी बनाया जा रहा है, जिससे कहीं भी रेलवे फाटक नहीं होगा और नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

-राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना विकास का नया मॉडल-

सांसद लालवानी ने क्षेत्र में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इंदौर संसदीय क्षेत्र में लगभग 26 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस मार्ग की विशेषता यह है कि इसे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए मार्ग के दोनों ओर सर्विस रोड बनाए गए हैं तथा एक गांव से दूसरे गांव तक सुरक्षित आवागमन के लिए लगभग 12 बड़े अंडरपास निर्मित किए गए हैं। ये अंडरपास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर पर्याप्त चौड़ाई एवं ऊँचाई के साथ बनाए गए हैं।
परियोजना के अंतर्गत 6 बड़े पुल तथा 25 से अधिक छोटी पुलियों का निर्माण किया गया है। साथ ही वर्षा जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया गया है, जिससे वर्षा का पानी विशेष रूप से निर्मित रिचार्ज चेंबरों में पहुँचकर भूजल स्तर बढ़ाने में सहायक होगा।

सांसद लालवानी ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान क्षेत्र में कई बड़े जलाशयों एवं तालाबों का निर्माण भी हुआ है, जिससे भविष्य में आसपास के क्षेत्रों का भूजल स्तर बढ़ेगा और जल संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

-मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास और विश्वास का नया अध्याय-

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। इंदौर संसदीय क्षेत्र भी इस विकास यात्रा का प्रमुख भागीदार बना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंदौर-बुधनी रेल परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग विकास तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएँ पूर्ण होने के बाद साँवेर विधानसभा सहित सम्पूर्ण इंदौर क्षेत्र विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।

कार्यक्रम के अंत में सांसद लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्रालय तथा केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण आज इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों को अभूतपूर्व विकास कार्यों की सौगात मिल रही है।
“युवा शक्ति, आधुनिक आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के समन्वय से विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।”

Next Post

हाईकोर्ट में वायरल गर्ल की याचिका पर सुनवाई टली, अगली सुनवाई 23 को

Sat Jun 13 , 2026
इंदौर: वायरल गर्ल की याचिका पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जहां याचिका में त्रुटियां पाए जाने पर कोर्ट ने सुधार के लिए समय देते हुए अगली सुनवाई 23 जून तय की है.याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके दस्तावेजों में हेरफेर कर उनकी वैध शादी को अवैध साबित […]

You May Like