राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने सीफर्ट को पहली गेंद पर आउट करके इतिहास रच दिया। वो आईपीएल में पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
आईपीएल 2026 का 28वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले में राजस्थान को 4 विकेटों से हार का सामना करना पड़ा। वहीं कोलकाता ने इस सीजन की पहली जीत दर्ज की है। मुकाबला गंवाने के बाद भी राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। आर्चर पहली गेंद में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले संयुक्त रूप पहले गेंदबाज बन गए हैं। इसके साथ ही आर्चर ने मोहम्मद शमी के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
जोफ्रा आर्चर ने केकेआर की पारी की पहली ही गेंद पर टिम सीफर्ट को क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन भेजा। आईपीएल में यह पांचवां मौका है, जब आर्चर ने पारी की पहली ही गेंद पर विकेट चटकाया है। आर्चर इस लीग में पारी की पहली बॉल पर सर्वाधिक बार विकेट लेने वाले संयुक्त रूप से पहले गेंदबाज बन गए हैं। आर्चर के अलावा मोहम्मद शमी ने भी आईपीएल पारी की पहली गेंद पर 5 बार बल्लेबाजों को आउट किया है।
IPL 2026 में तीसरी बार पहली गेंद पर आर्चर ने लिया विकेट
आईपीएल 2026 में यह तीसरा मौका रहा, जब आर्चर ने पारी की पहली ही गेंद पर विकेट निकाला। इससे पहले, उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में फिल साल्ट को पहली ही गेंद पर आउट किया था। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में आर्चर ने अभिषेक शर्मा को पहली ही बॉल पर पवेलियन भेजा था।
टिम सीफर्ट के साथ-साथ केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। रहाणे को नांद्रे बर्गर ने जीरो पर आउट किया। आईपीएल इतिहास में यह महज दूसरा मौका है, जब केकेआर के दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए हैं। इससे पहले साल 2014 में गौतम गंभीर और जैक कैलिस जीरो पर आउट हुए थे।
मुकाबले का हाल
राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 155 रन बनाए। सलामी जोड़ी यशस्वी जायसवाल (39) और वैभव सूर्यवंशी (46) ने पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम संघर्ष करती रही। केकेआर के कार्तिक त्यागी और वरुण चक्रवर्ती ने 3-3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की शुरुआत खराब रही, टिम सीफर्ट और अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोए आउट हुए। रिंकू सिंह (53*) और अनुकूल रॉय (29*) ने सातवें विकेट के लिए 76 रन जोड़कर कोलकाता की पहली जीत दिलाई। जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 2 विकेट लिए।
