
भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को भारतीय गण वार्ता पार्टी (भगवा पार्टी) ने वक्फ बोर्ड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने बोर्ड ऑफिस चौराहे से डीबी मॉल तक रैली निकालकर वक्फ बोर्ड की सांकेतिक अर्थी यात्रा निकाली और बाद में पुतला दहन किया. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रैली में शामिल लोगों ने हाथों में वक्फ बोर्ड भारत छोड़ो लिखे पोस्टर लेकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने वक्फ बोर्ड की व्यवस्था का विरोध करते हुए इसे समाप्त करने की मांग की.
बीजेपी पर भी साधा निशाना
सांकेतिक अर्थी रैली के बाद प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अपनी मूल विचारधारा से भटक गई है और उसकी कथनी व करनी में अंतर दिखाई दे रहा है.
देश में लागू हो एक ही संविधान
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाकांत शुक्ला ने कहा कि वक्फ बोर्ड संविधान की मूल भावना के विपरीत है. उन्होंने मांग की कि देश में एक ही संविधान होना चाहिए, जो सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू हो.
