
सिंग्रामपुर/दमोह. दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया.जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन काल बनकर दौड़ा और एक युवक की जिंदगी लील गया. सिंग्रामपुर के घने जंगलों के बीच हुई इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल सवार 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंग्रामपुर निवासी 23 वर्षीय राज सोनकर (पिता उत्तम सोनकर) शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे किसी निजी कार्य से मोटरसाइकिल पर सवार होकर दमोह की ओर जा रहा था. जैसे ही उसकी बाइक सिंग्रामपुर के जंगल क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि राज का सिर सीधे वाहन की चपेट में आ गया.गंभीर सिर चोट लगने से युवक ने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया.हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.जंगल मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक और लहूलुहान युवक को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही जबेरा थाना पुलिस हरकत में आई और प्रधान आरक्षक सतीश नामदेव व प्रेमदास बैरागी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक की पहचान उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर की और परिजनों को सूचित किया.
पुलिस ने राहगीरों की मदद से शव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जबेरा पहुंचाया, जहां पंचनामा कार्रवाई के बाद डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया गया,इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
जैसे ही हादसे की खबर सिंग्रामपुर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. जवान बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है
फिलहाल जबेरा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और ढाबों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
