नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि मोदी सरकार के 12 वर्षों के शासन के दौरान देश में विकास, विश्वास और जनसेवा के संकल्प की नयी इबारत लिखी गयी है और भारत ने खेत खलिहान से लेकर चन्द्रयान तक तथा गांव की चौपाल से लेकर वैश्विक मंचों तक अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की है।
श्रीमती गुप्ता और दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं हर्ष मल्होत्रा ने शुक्रवार को यहां स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में केंद्र में मोदी सरकार के 12 साल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि आज का दिन नये भारत की उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन है। पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री के पद को जनसेवा का माध्यम बनाया और देश की 140 करोड़ जनता तक जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा, “यह हम सबने देखा है और नेतृत्व की नयी परिभाषा लिखने का काम किया है।”
उन्होंने कहा, पिछले 12 वर्षों में श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने खेत खलिहान से लेकर चन्द्रयान तक और गांव की चौपाल से लेकर वैश्विक मंचों तक अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की है। भारत ने जो यात्रा पिछले 12 वर्षों में तय की है वह असाधारण है। मौजूदा समय में भारत दुनिया को दिशा दिखाने की क्षमता रखता है। इस समय पूरी दुनिया समस्याओं के समाधानकर्ता और संभावनों के रुप में देख रही है। पिछला 12 वर्ष जनविश्वास, जनभागीदारी और जनशक्ति की यात्रा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 248 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क था। आज यह बढ़कर 1,095 किलोमीटर से अधिक हो चुका है और 26 से ज्यादा शहरों तक पहुंच गया है। हवाई यातायात के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। उड़ान योजना ने आम नागरिक के हवाई सफर के सपने को साकार किया है। आज देश में 164 से अधिक हवाई अड्डे संचालित हैं और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाज़ार बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया आज दुनिया के लिए एक मिसाल है। प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान के तहत छह करोड़ से अधिक लोगों को डिजीटल रुप से सशक्त बनाया गया है। भारत नेट परियोजना के माध्यम से 2.14 लाख से अधिक ग्राम पंचायत को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा गया है। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि मेक इन इंडिया और आत्म निर्भर भारत अभियान ने भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में नयी पहचान दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन छह गुना बढ़ा है और भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश ने भारत को वैश्विक तकनीकी केंद्र बनने की दिशा में मजबूत बढ़त दी है। उन्होंने कहा कि उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजना ने विनिर्माण क्षेत्र को नयी ताकत दी है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत रक्षा क्षेत्र में तेज गति से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रक्षा गलियारे बनाए गए हैं। रक्षा उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्ट अप ने युवाओं को नए अवसर दिए हैं। आज भारत में दो लाख से अधिक स्टार्ट और 120 से अधिक यूनिकॉर्न्स देश की नवाचार शक्ति के प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि पहले कभी पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास की चर्चा नहीं होती थी, जो अब विकास की मुख्यधारा का मजबूत हिस्सा बन चुका है। सड़क सम्पर्क , रेलवे, हवाई सेवा और पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। इस दौरान देश की सांस्कृतिक धरोहर को भी नयी ऊर्जा मिली है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम का पुनर्विकास हुआ है और ये भारत की आस्था और गौरव के प्रतीक बन चुके हैं।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि ये आंकड़े 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास की कहानी हैं। यह गरीब कल्याण, किसान सम्मान, महिला सशक्तिकरण, युवा अवसर और मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा की कहानी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” विकास का आधार बना है। इसी सोच के साथ 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है, 58 करोड़ से अधिक जन-धन खाते खोले गए हैं, आयकर छूट सीमा बढ़ाकर 12.75 लाख रुपये की गई है, 4. 1 करोड़ रुफ टॉप सोलर सिस्टम लगाए गए हैं, किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ 58 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचा है, 8. 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर मिले हैं। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 74 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को ऋण मिला है। स्टैंड अप इंडिया के माध्यम से एससी-एसटी उद्यमियों को 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण दिया गया है, उज्ज्वला योजना के तहत करीब 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन मिला है। लखपति दीदी योजना से तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। 4.5 करोड़ से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते खोले गए हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए गए हैं। देशभर में 23 नए एम्स और अनेक मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन इंद्रधनुष के तहत 5.4 करोड़ से अधिक बच्चों का टीकाकरण हुआ है, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए हैं और जल जीवन मिशन के माध्यम से 16 करोड़ घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 30 लाख पारंपरिक कारीगरों को सहायता और कौशल विकास का लाभ मिला है, जनजातीय समाज के विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। बीते 12 वर्षों ने यह साबित किया है कि जब नेतृत्व स्पष्ट हो, नीयत साफ हो और राष्ट्रहित सर्वोपरि हो, तब बड़े से बड़े लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। यही विकसित भारत की नींव है, यही अमृतकाल की पहचान है।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिल्ली में कूड़े के पहाड़ हटाने के लिए और सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए केन्द्र सरकार ने 1550 करोड़ रुपये की मदद दी और इस मदद से लगातार कूड़े के पहाड़ कम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं में तेजी लाने के लिए विशेष सहायता हेतु हमें 2025-26 वित्तीय वर्ष के अंतर्गत 821 करोड़ रुपये दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो लाइन का विस्तार लगभग 400 किलोमीटर तक किया जा चुका है। दिल्ली में राजमार्ग का जाल बिछाने का काम मोदी सरकार ने किया है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का दिल्ली कनेक्शन, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का विस्तार, अर्बन एक्सटेंशन रोड-II , दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के साथ नमो भारत कॉरिडोर का निर्माण कराने का काम किया गया है।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि भारत मंडपम, प्रगति मैदान इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर एवं सुरंग परियोजना, आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक लगभग 10 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर स्वीकृत किया गया, जिससे भारत मंडपम, इंडिया गेट, केंद्रीय सचिवालय और कर्तव्य भवन जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही दिल्ली को अभी तक 4550 इलेक्ट्रिक बसें दिलाई जा चुकी है और पीएम ई ड्राइव के तहत 6130 बसों की मंजूरी दिल्ली को देने का प्रावधान किया गया है। दिल्ली में सिर्फ पीएम उज्जवला योजना के तहत 2.75 लाख कनेक्शन दिए गए, स्वनिधिन योजना के अंतर्गत दो लाख रेहड़ी पटरी वालाें को लोन देने का काम किया गया है, आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज हो रहा है और सिर्फ एक साल में 43000 लोगों का इलाज हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक 370 आरोग्य मंदिर बन चुके हैं और केन्द्र सरकार की मदद से इन्हें 1100 तक ले जाने का लक्ष्य है । 200 करोड़ रुपये की लागत से जीटीबी अस्पताल में ट्रामा सेंटर बनाने का भी काम चल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है । इतना ही नही दिल्ली में कौशल विकास योजना के अंतर्गत 78000 लोगों को नौकरी मिली है।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पूर्ण हुई है जिसकी नींव जनविश्वास, सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना पर रखी गयी है। पिछले 12 वर्षों में देश की जनता ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि जब निर्णय राष्ट्रहित में लिए जाते हैं, जब सरकार केवल शासन का माध्यम न होकर सेवा का माध्यम बनती है, तब जनता उसका साथ भी देती है और उस पर अपना अटूट विश्वास भी व्यक्त करती है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों को देखे तो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की जनता और नेतृत्व के बीच बने उस मजबूत विश्वास की कहानी दिखाई देती है, जिसने देश की दिशा और दशा दोनों बदल दी हैं।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 4.5 लाख किलोमीटर की ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बनी है और आज एक भी गांव नहीं है जो राजमार्ग से ना जुड़े हो। वर्ष 2014 में राष्ट्रीय राजमार्ग 92000 किलोमीटर लंबे थे लेकिन पिछले 12 सालों में 60,000 किलोमीटर बनकर तैयार हुए हैं। एक समय था जब राष्ट्रीय राजमार्ग 12 किलोमीटर प्रति दिन के रफ्तार से बनते थे और आज लगभग तीन गुना यानि 32 किलोमीटर प्रति दिन के रफ्तार से नेशनल हाईवे बन रहा हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे बन रहा है और सिर्फ 12 घंटे में सफर को तय कर सकते हैं। सराय काले खां से जेवर एयरपोर्ट पर जाने में सिर्फ 45 मिनट लगेगा उसकी भी तैयारी हो रही है और साथ ही इंदिरा गांधी एयरपोर्ट से जेवर एयरपोर्ट को भी जोड़ने की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। अक्षरधाम से बदरपुर सिर्फ 15 मिनट में, पंजाबी बाग से टिकरी बॉर्डर तक सिर्फ 30 मिनट में और आई.एन.ए. से लेकर महिलापुर तक हाईवे बन रहा है जो दिल्ली की जाम, समय की बचत और साथ ही प्रदूषण को कम करने का काम करेगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि 12 वर्षों का यह विश्वास किसी प्रचार या राजनीतिक अभियान से नहीं बना है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में लिए गए साहसिक निर्णयों, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाली नीतियों और जनता के साथ सीधे संवाद की संस्कृति से निर्मित हुआ है। आज देश के युवाओं को विश्वास है कि भारत विश्व की अग्रणी शक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है तो महिलाओं को भरोसा है कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी पहले से अधिक मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है कि उनकी आवाज दिल्ली तक पहुंचती है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। शायद इसी का परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनता की सेवा कर रहा है। यह केवल राजनीतिक विस्तार नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का विस्तार है।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि मोदी सरकार ने यह सिद्ध किया है कि विकास तभी सार्थक होता है जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। यही कारण है कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। मोदी सरकार के ये 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि विश्वास, विरासत और विकास के समन्वय के वर्ष रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह भी सिद्ध किया है कि आधुनिकता और सांस्कृतिक चेतना साथ-साथ चल सकती है।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा, नयी संसद भवन, सेंगोल की स्थापना, लोक कल्याण मार्ग, अमृत उद्यान, अंडमान एवं निकोबार द्वीपों का परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर नामकरण तथा पोर्ट ब्लेयर का श्री विजयपुरम नामकरण जैसे निर्णय भारत की सांस्कृतिक चेतना और औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति के संकल्प को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को प्राप्त 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां नहीं हैं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति और विश्व में बढ़ते भारत के सम्मान का प्रतीक हैं। हालिया वैश्विक सर्वेक्षणों में प्रधानमंत्री मोदी का दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता के रूप में उभरना भी जनता के विश्वास और पारदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
