सिंगरौली: माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हुई में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अशोक कुमार प्रजापति के रूप में बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ क्षत्रिय कुलावंत संगठन के कार्यकर्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार रात करीब 12:30 बजे हुई इस घटना में युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी और काफी खून बह रहा था। ऐसे समय में क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सक्रिय सदस्य भाई महेश सिंह जी, भाई भूपेंद्र सिंह जी तथा संगठन के सहयोगी साथी राजेश विश्वकर्मा जी ने असाधारण तत्परता का परिचय दिया। सूचना मिलते ही वे बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के प्रयासों में जुट गए।
घटना की जानकारी मिलने पर संगठन के संस्थापक अंकित सिंह भी विकेश सिंह,अवध सिंह के साथ में घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे। अंकित सिंह ने बताया कि जब तक वे मौके पर पहुंचते, तब तक संगठन के साथी स्थिति को संभाल चुके थे और घायल को चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे।अंकित सिंह ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि संगठन के साथी केवल नाम के सदस्य नहीं हैं, बल्कि हर संकट की घड़ी में मानवता का परिचय देते हुए सबसे पहले मदद के लिए खड़े नजर आते हैं। भाई महेश सिंह जी, भूपेंद्र सिंह जी, राजेश विश्वकर्मा जी और स्थानीय नागरिकों ने जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है, वह समाज के लिए एक प्रेरणा है।”
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान स्थानीय लोगों एवं माड़ा पुलिस से भी संपर्क किया गया, जिनका सहयोग सराहनीय रहा। सभी के संयुक्त प्रयासों से घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
