जबलपुर: जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन और बेहतर रैंकिंग को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शहर के सभी शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों और संस्थानों के प्रमुखों को कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने निर्देशों में कहा है कि प्रत्येक कार्यालय को नियमित रूप से साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखना होगा। शौचालयों की दैनिक सफाई, जलापूर्ति, साबुन, हैंडवॉश और डस्टबिन की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
पान-गुटखा के स्पिट स्पॉट हटाने और थूकने पर प्रतिबंध लगाने के साथ कार्यालय भवन की दीवारों एवं सीढ़ियों पर पेंटिंग और स्वच्छता संदेश अंकित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, कार्यालय परिसर में कचरा, मलबा या अनुपयोगी सामग्री जमा न होने देना, ठोस अपशिष्ट का नियमित निष्पादन, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, प्लास्टिक मुक्त एवं हरित परिसर सुनिश्चित करना, और जल संरक्षण उपायों को प्राथमिकता देना अनिवार्य होगा। कलेक्टर ने सभी विभागों के जिला प्रमुखों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर कार्यों की मॉनिटरिंग और स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान निरीक्षण टीमों को सहयोग देने के निर्देश भी दिए हैं।
