आईसीएटी ने 15-मीटर लंबी मल्टी-एक्सल स्लीपर बस के लिए पहला अनुपालन प्रमाणपत्र जारी किया

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (वार्ता) इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आईसीएटी) ने केन्द्रीय मोटर वाहन नियम के प्रावधानों के अनुरूप 15-मीटर लंबी मल्टी-एक्सल स्लीपर बस के लिए अपना पहला अनुपालन प्रमाणपत्र जारी किया है।

यह प्रमाण-पत्र सिनाटी ऑटोमोटिव को उसकी 15-मीटर लंबी मल्टी-एक्सल स्लीपर बस के लिए दिया गया है। आईसीएटी के निदेशक सौरभ दलेला ने संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सिनाटी ऑटोमोटिव के प्रबंध निदेशक नरेश कुमार यादव को औपचारिक रूप से यह प्रमाणपत्र सौंपा।

इस वाहन को लंबी दूरी तक यात्रियों को ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें संरचनात्मक मजबूती, आपातकालीन सुरक्षा, आग से सुरक्षा, यात्रियों की आवाजाही और यात्रा के दौरान आराम जैसी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया गया है। इस बस में 42 बर्थ (पूरी तरह से स्लीपर वाले मॉडल के लिए) और 21 बर्थ प्लस 42 सीटों (हाइब्रिड स्लीपर वाले मॉडल के लिए) की क्षमता है, जो लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक समन्वित समाधान प्रदान करती है।

एआईएस-119 और एआईएस-153 के तहत यह प्रमाणन उन्नत यात्री वाहन संरचना का मूल्यांकन करने और निर्धारित विनियामक तथा तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में निर्माताओं की मदद करने की आईसीएटी की क्षमता को दर्शाता है।

आईसीएटी के निदेशक सौरभ दलेला ने कहा, “यह प्रमाणन आईसीएटी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह उन्नत यात्री वाहनों की जांच और प्रमाणन के मामले में हमारी तकनीकी क्षमताओं को दर्शाता है। यह यात्रियों की सुरक्षा, नियमों के अनुपालन और तकनीकी प्रगति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। आईसीएटी सुरक्षित, अधिक भरोसेमंद और तकनीकी रूप से उन्नत आवागमन संबंधी समाधान विकसित करने में भारतीय ऑटोमोटिव उद्योग का समर्थन करना जारी रखेगा।”

श्री यादव ने इस प्रमाणन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह उपलब्धि लंबी दूरी के यात्री परिवहन के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और आरामदायक समाधान विकसित करने की कंपनी की कोशिशों को और मजबूत करेगी।

Next Post

नागपुर में कांग्रेस पार्षद के घर पर गोलीबारी

Wed Aug 26 , 2026
नागपुर, 26 अगस्त (वार्ता) महाराष्ट्र में नागपुर के वाथोडा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब बुधवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर कांग्रेस पार्षद शुभम मोटघरे के घर पर गोलीबारी की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना कल रात करीब 12:30 बजे हुई, जब मोटघरे के घर […]

You May Like